गर्मी उमस के बीच जीटी रोड पर रामदरवार के पास लगे वाटर कूलर से पानी पीकर प्यास बुझाते राहगीर। सं
एटा। जिले में मौसम का लगातार बदलाव लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पिछले कई दिनों तक रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी लेकिन शनिवार को सुबह से आसमान साफ रहने और धूप निकलने से गर्मी और उमस ने एक बार फिर लोगों को बेहाल किया। दिन चढ़ने के साथ ही धूप की तपिश बढ़ गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले दिनों की तुलना में अधिक रहा।
सुबह तेज धूप के साथ हुई शुरुआत ने लोगों को दिनभर गर्मी का अहसास कराया। सुबह के समय हवा लगभग शांत रही जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस का असर और अधिक महसूस हुआ। लोग सुबह से ही पसीने से तरबतर दिखे। घरों, कार्यालयों व दुकानों में पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हुए। प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और जीटी रोड पर लगे आरओ वाटर कूलरों के पास राहगीरों की भीड़ लगी रही। लोग बार-बार पानी पीकर खुद को राहत देने का प्रयास करते रहे।
दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल तो दिखाई दिए लेकिन उनसे गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिली। बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होने से वातावरण में उमस और बढ़ गई। गर्म हवाओं के बजाय नमी भरी हवा चलने से लोगों को घुटन और बेचैनी का एहसास होता रहा। चिकित्सक का कहना है कि ऐसे मौसम में शरीर में पानी की कमी होने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है। आसमान में बादल छाने के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और तेज बारिश होने की संभावना है।