रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करते उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मण्डल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक
एटा। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) डॉ. शिवम शर्मा ने बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन और यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने परिचालन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों व विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल संचालन को सुरक्षित, सुचारु और माल परिवहन गतिविधियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। इस दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
डॉ. शर्मा ने स्टेशन पर संचालित विभिन्न परिचालन गतिविधियों का अवलोकन किया। संरक्षा उपकरणों की स्थिति, आपात एवं असामान्य परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली व कर्मचारियों की कार्यशैली का निरीक्षण किया। स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्माण व विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। रेलवे यार्ड का निरीक्षण कर माल परिवहन गतिविधियों का जायजा लिया। व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन से अधिकाधिक माल ढुलाई बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. शिवम शर्मा ने जवाहरपुर थर्मल पावर प्लांट का भी दौरा किया और वहां के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मालगाड़ियों के माध्यम से आने वाले रैक को निर्धारित समय सीमा में खाली कराने पर चर्चा की गई। यातायात निरीक्षक रवि कुमार, स्टेशन अधीक्षक गजेंद्र गौतम, मुख्य माल पर्यवेक्षक केके मीणा समेत अन्य पर्यवेक्षक व रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।