अलीगंज गोशाला का निरीक्षण करते डिप्टी सीवीओ डॉ. रविकांत। संवाद
अलीगंज। उमस भरी भीषण गर्मी में गोवंश का हाल जानने को डिप्टी सीवीओ डॉ. रविकांत ने बृहस्पतिवार को आजम नगर की गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गोशाला में गंदगी बिखरी देख और पशुओं के लिए ताजा पानी उपलब्ध न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने गर्मी के मौसम में पशुओं की देखभाल को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की चेतावनी दी है।
आजम नगर की गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे डॉ. रविकांत ने सबसे पहले सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। गोशाला में जगह-जगह बिखरी गंदगी देख वह बिफर गए। उन्होंने कहा उमस भरी गर्मी में पशुओं के रहने के स्थान पर सफाई का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। गंदगी से पशुओं का स्वास्थ्य प्रभावित होता है। निरीक्षण में गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उनके चारे और पीने के पानी और गर्मी से बचाव की व्यवस्था को पंखे-कूलर को चेक किया। उन्होंने कहा पशुओं को स्वच्छ और ताजा पानी ही पिलाएं। गोशाला में बने टैंक में रखा हुआ गर्म पानी पीने से पशु बीमार हो सकते हैं। उन्होंने गोशाला के कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए नियमित सफाई करने को कहा है।