हिदायत नगर को कलियानपुर ग्राम पंचायत में जोड़े जाने की कवायद से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस संबंध में चुनाव आयोग को भी शिकायत दी गई।
ग्राम पंचायत के लोगों का कहना है कि शहरी क्षेत्र की आबादी को ग्राम पंचायत से नहीं जोड़ा जा सकता। पूर्व की मतदाता सूची में हिदायत नगर को मजरे के रुप में शामिल नहीं किया गया था। अब ऐसा किया जाना ग्राम पंचायत के लोगों के साथ खिलवाड़ है। हिदायतनगर के लोगों को शहरी क्षेत्र की सारी सुविधाएं मिलती हैं। इसके वावजूद प्रशासन हिदायतनगर को कलियानपुर से जोड़ा जा रहा है। ग्रामीण होती लाल, पंचराम, राजू्रबघेल, आशाराम, रामवीर, रामपाल, राकेश कुमार, संजय कुमार, सुरेंद्र, मुकेश, अनोखेलाल, सूरज ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
पोलिंग बदलवाने की मांग
सोरों ब्लॉक की ग्राम पंचायत टिम्बरपुर के अंतर्गत जलालपुर, नगला हीरा, नगला बौहरे एवं मजरा जलालपुर आता है। टिम्बरपुर में पोलिंग बूथ है। जो कि एक जाति विशेष की बहुल है। जलालपुर, नगला हीरा और नगला बौहरे के मतदाता को टिंबरपुर में रहने वाले वाले लोग वोट नहीं डालने देते। इससे 400 मतदाताओं को वोट के अधिकार से वंचित रहना पड़ता है। जलालपुर, नगला बौहरें और नगला हीरे के दल का नेतृत्व कर रहे आशुतोष दीक्षित ने डीएम से ग्राम पंचायत का पोलिंग बूथ जलालपुर की प्राथमिक पाठशाला या नगला भूतल को बनाने की मांग की है। इस दौरान राजाराम, जय नरायण, सुनील, मुकेश, धर्मवीर, सत्यप्रकाश, श्यामलाल, छोटेलाल मौजूद रहे।
हथौड़ा खेड़ा में फर्जी मतदाता होने की शिकायत
ग्राम पंचायत हथौड़ा खेरा में बीएलओ ने 100 फर्जी वोट बनाकर मतदाता सूची जोड़ दिए हैं। ग्राम पंचायत हथौड़ा खेड़ा के ग्रामीण बदनपाल सिंह ने डीएम को बताया कि जो लोग ग्राम पंचायत के नहीं हैं। उनके वोट मतदाता सूची में बढ़ा दिए हैं। गांव के लोगों को मतदाता सूची से अलग कर दिया है। बीएलओ ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके फर्जी वोट बढ़ाए हैं। बीएलओ प्रधान की रिश्तेदारी में हैं। कमल सिंह, राजकुमार, राजेश, कप्तान सिंह, सोनेलाल, बसंत, सत्यप्रकाश, वीरेंद्र ने फर्जी वोट हटवाने की मांग उठाई।
ग्राम पंचायत नरथर के वोट काटे
पटियाली की ग्राम पंचायत नरथर के मतदान स्थल 92 प्राइमरी पाठशाला कक्ष एक है। रोजगार सेवक, बीएलओ ने वोटर संख्या 1028-2727 तक के वोट काटकर जूनियर हाईस्कूल नगला सहजन के कक्ष संख्या एक पर कर दिए हैं, जो गलत है। ग्रामीणों ने नगला सहजन से वोट हटाकर मतदान स्थल 92 प्राइमरी पाठशाला पर करने की मांग उठाई। ग्रामीण देवराज, अभिलाख, अमित कुमार, सत्यवीरने शिकायत की।