एटा। खाद वितरण के दौरान मिल रही अव्यवस्थाओं की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी, एडीएम, एसडीएम ने बृहस्पतिवार को खाद समितियों व निजी विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। सभी समितियों व निजी खाद विक्रेताओं को हिदायत दी कि अगर वितरण में अनियमितिता पाई गई तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने बताया की लगातार खाद समितियों पर अवस्थाओं की शिकायत मिल रही थी। जिसके तहत विभिन्न समितियों पर पहुंचकर वितरण के दौरान निरीक्षण किया गया। इस दौरान अलीगंज रोड पर मंडी समिति स्थित इफ्को खाद केंद्र व शीतलपुर समिति पर निरीक्षण किया। तीनों तहसीलों में एक साथ समस्त उप जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी ने समितियों व निजी विक्रेताओं के जहां हालात की जांच की। साथ ही किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की समस्या ना हो इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
खाद के बारे में किसानों से की बात
अलीगंज। खाद वितरण में मिल रही शिकायतों पर एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बुलाकी नगर की सहकारी समिति का निरीक्षण किया। उनके पहुंचने तक समिति पर 100 से अधिक किसानों को खाद का वितरण किया जा चुका था। रजिस्टर चेक कर उन्होंने किसानों से वार्ता कर बताया खाद की कोई समस्या नहीं है। कुछ दिनों में फिर से खाद की रैक आने वाली है। नियमानुसार वितरण कर सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है। संवाद