कासगंज में निरीक्षण करते पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने शुक्रवार को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से कासगंज जंक्शन तक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाएं देखीं। अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहनी चाहिए। यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। रेल महाप्रबंधक शाम पांच बजे कासगंज जंक्शन पर पहुंचे। इससे पहले उन्होंने फर्रुखाबाद और दरियावगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। सहावर के पास चाड़ी पर बनाए गए पुल की गुणवत्ता देखी।
स्पेशल ट्रेन से महाप्रबंधक कासगंज जंक्शन स्टेशन पर पहुंचते ही सबसे पहले डीजल लॉबी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डीजल लॉबी के कू्र कंट्रोलर से लोको पायलट व सहायक लोको पायलटों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह रनिंग रूम पहुंचे। यहां भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली। निर्देश दिए कि व्यवस्थाएं चौक चौबंद रहनी चाहिए। स्टेशन पर साफ सफाई बेहतर रहे। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक को तैयारियां दुरुस्त मिलीं। फिर भी उन्होंने डीआरएम दिनेश कुमार को निर्देशित किया कि समय समय पर निरीक्षण करते रहें।