एटा के थाना कोतवाली देहात में लेखपाल राजकुमार ने नगला केवल निवासी जगदीश सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 15 फरवरी को जगदीश, अंकित, जानू, राजेश, ललतेश और ग्राम प्रधान के पुत्र ने पैमाइश कर रही राजस्व टीम के साथ अभद्रता करते हुए पथराव कर दिया। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी खतौनी बनाकर सरकारी भूमि पर भवन निर्माण कर लिया है।
लेखपाल राजकुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर जब टीम नगला केवल में भूमि की पैमाइश करने पहुंची तो इन लोगों ने कोई भी साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराया। जब ज्यादा कहा गया तो अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
इतना ही नहीं सरकारी काम में बाधा डालते हुए पैमाइश करने गई टीम के ऊपर ईंट-पत्थर फेंकते हुए हमला कर दिया। बताया कि ग्राम प्रधान के साथ मिलकर इन लोगों ने फर्जी खतौनी बनवाकर अवैध रूप से मकान बना लिए हैं। इसके अलावा गांव के व्यक्ति की चहारदीवारी को भी तोड़ दिया है।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और घटना की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। राजस्व टीम के साथ अभद्रता करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है।