अरथरा पुल से कूदे व्यक्ति की नहर में तलाश करते गोताखोर। स्रोत पुलिस विभाग
एटा। बीमारी से तंग आकर एक व्यक्ति ने हजारा नहर में छलांग लगा दी। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। तलाश की जा रही है। कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव भगीपुर निवासी ऋषि जोशी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे हैं।
काफी इलाज के बाद भी जब सेहत में सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने पहले भी एक बार नहर में कूदने का प्रयास किया। परिजन के मुताबिक कुछ समय पूर्व आगरा रोड स्थित जावड़ा पुलिस चौकी के पास पुल से कूदते समय लोगों ने देख लिया तो उनको बचा लिया गया था।
इसके बाद कुछ समय तक सही रहे मगर बृहस्पतिवार को एक बार फिर वह घर से स्कूटी लेकर निकल गए। पिलुआ थाना क्षेत्र में अरथरा पुल के पास पहुंचकर स्कूटी किनारे खड़ी की और नहर में कूद गए।
यह देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो कुछ स्थानीय गोताखोर नहर में कूद कर उनकी तलाश करने लगे। पुलिस व पीएसी के गोताखोर लगातार खोज कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू अभियान को रोक दिया गया।
सीओ सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह फिर से अभियान चलाया कर नहर में कूदे ऋषि जोशी को ढूंढने का प्रयास किया जाएगा।