एटा। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अलीगंज ओमपाल सिंह यादव के खिलाफ अवैध कब्जा करने का मुकदमा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा दर्ज कराया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही हैं।
ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम पंचायत पुराहार बुलाकी नगर लोकेंद्र पाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओमपाल सिंह पुत्र हरप्रसाद निवासी गांव टपुआ थाना अलीगंज ने नवीन पंचायत घर पर कब्जा कर लिया है।
मामले की जांच डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत से कराई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने धारा 477, और 2/3 सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले की जांच इंस्पेक्टर क्राइम रामकुमार सिंह को सौंपी गई है। मामले को ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।