एटा। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही हैं। जिले को पांच जोन में बांटकर 5 जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। 5 सचल दल केंद्रों पर जाकर नकलचियों को पकड़ेंगे। परीक्षा की कंट्रोल रूम से सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा पर नजर रखेंगे। परीक्षा के दौरान सचल दलों को अगर किसी परीक्षार्थी के पास कोई पर्ची या फिर इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस मिला तो कॉपी को नत्थी किया जाएगा।
22 फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। परीक्षा को लेकर 92 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हाईस्कूल के 17,866 छात्र व 15,791 छात्राएं और इंटरमीडिएट के 13,261 छात्र व 10,453 छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकल विहीन कराना प्राथमिकता है। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग सहित जिला प्रशासन की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। दो दिन पूर्व बैठक के दौरान डीएम के अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को हिदायत दी थी कि कही कोई परीक्षा के दौरान लापरवाही मिली तो एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रों पर नकलचियों को पकड़ने के लिए 5 सचल दल बना दिए गए हैं। जबकि 5 जोनल मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। परीक्षा के दौरान सचल दल केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। सचल दल के सदस्य किसी भी परीक्षार्थी की चेकिंग कर सकेंगे। अगर उन्हें कोई आपत्तिजनक वस्तु मिली तो उस परीक्षार्थी की कॉपी को नत्थी करेंगे। जबकि जोनल मजिस्ट्रेट केंद्रों के निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम को देखेंगे। इसके अलावा कैमरों आदि की पड़ताल करेंगे। डीआईओएस चंद्रकेश सिंह ने बताया परीक्षा को लेकर तैयारियों का दौर चल रहा है। सचल दल सहित जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।