एटा। थाना व कस्बा जैथरा में परिवहन निगम की अनुबंधित बस के चालक को बुरी तरह से पीट दिया। चीखपुकार मचने पर परिचालक और सवारियों ने चालक को बचाया। आरोप है कि कार सवार तमंचा तान कर खड़े हो गए और जान से मारने की धमक देकर चले गए। चालक ने कार सवार दो लोगों के खिलाफ नामजद कर रिपोर्ट लिखाई है।
अनुबंधित बस के चालक रजनेश कुमार निवासी कैल्ठा थाना अलीगंज ने पिटाई करने वाले आनंद कुमार निवासी खतिया थाना जैथरा और कृष्णा उर्फ सचिन निवासी नगला पड़ाव अलीगंज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 31 जनवरी की शाम करीब 4 बजे अलीगंज से बस में सवारियों भरकर एटा के लिए निकला था। कस्बा जैथरा पहुंचकर सवारियों को उतार रहा था। तभी आनंद और कृष्णा कार से आए और बस के आगे खड़ी करके बंद कर ली। इसके बाद चालक को खिड़की खोलकर खींच लिया और जमीन पर डालकर लात-घूसों से व सरिया से पिटाई की।
इसकी वजह से नाक में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। चीखपुकार मचाने पर बस परिचालक कमलेश यादव व अन्य सवारियां आईं तब बचाया। आरोप है कि तमंचा दिखाकर मारने की धमकी दी और दोनों भाग गए। थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि कार सवारों का साइड नहीं देने को लेकर विवाद था। बस चालक ने साइड नहीं दी थी, इसको लेकर पीटा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।