एटा के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के नदगांव में एक व्यक्ति ने पत्नी से मटर की फसल के विवाद के बाद फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। जानकारी मिलते ही खेत पर पहुंचे परिजन किसान को लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां उपचार चल रहा है।
नदगांव निवासी आदेश कुमार ने बताया कि तहेरे भाई दिनेश ने इस बार खेतों में मटर की फसल की है। शनिवार को पत्नी से कहा कि मटर की फली तोड़कर मंडी ले जाकर बेच देंगे। यह सुनकर पत्नी बोली अभी फसल पूरी तरह से तैयार नहीं है, इसलिए अभी तुड़ाई मत कराओ।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। घर वालों ने दोनों को शांत किया तो दिनेश घर से खेत पर चला गया। वहां बान (रस्सी) को गले में फंसा कर स्वयं खींचते हुए फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया और घर पर सूचना दी।
आदेश ने बताया कि हम लोग मौके पर पहुंचे तो भाई दिनेश अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। यह देखकर हम लोग मेडिकल कॉलेज लाए, यहां उपचार चल रहा है। कोतवाली देहात प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस प्रकार का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। किसी प्रकार की तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।