एटा। प्याज के साथ ही घरेलू गैस सिलिंडर पर बढ़े दाम से आम गृहणियां परेशान हैं। बुुधवार को एक बार फिर गैस सिलिंडर पर 25 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। वहीं प्याज के रेट में बीस से तीस रुपये तक का इजाफा हुआ है। लगातार बढ़ते जा रहे दामों के कारण गृहणियों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है।
बुधवार को घरेलू सिलिंडर पर 25 रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। इसके बाद अब यह सिलिंडर 807 रुपये का मिलेगा, जबकि अब तक यह 782 रुपये का मिल रहा था। यही हाल प्याज का है। तीन दिन में प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं। इनमें 20 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। सब्जी, पकोड़ा, भोजन आदि के साथ प्याज अधिकांश घरों में खाई जाती है। दाम बढ़ने से अब खाने का जायका फीका होने लगा है। हफ्ते भर पहले प्याज 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा था। मंगलवार से बाजार में यह 50 से 60 रुपये तक पहुंच गया। वहीं थोक में 40 से 45 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से प्याज मिल रहा है।