एटा। कोरोना वायरस के चलते अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन श्रेणियों में बांटा गया है। जिले में मरीजों को रखने के लिए दो श्रेणी के अस्पताल हैं। अस्पतालों की हकीकत परखने को बृहस्पतिवार को डब्ल्यूएचओ के अधिकारी डॉ. अमन कुमार जिले में पहुंचे। इस दौरान उन्हें अस्पतालों में खामियां मिलीं।
उन्होंने जल्द से जल्द उन्हें दूर करने के निर्देश दिए। आगरा से आए डब्ल्यूएचओ के अधिकारी डॉ. अमन कुमार बागवाला सीएचसी पर पहुंचे। उनके साथ जिला मलेरिया अधिकारी लोकमान सिंह व कोरोना के नोडल डॉ. सतीश चंद्र नागर के साथ रहे। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्हें लेवल वन अस्पताल के हिसाब से खामियां मिलीं।
अस्पताल पूरी तरह से कवर नहीं मिला। इसके साथ ही वहां संसाधनों की कमी दिखी। इसके बाद वह मारहरा रोड स्थित 100 बेड का बने सीएस हॉस्पिटल पहुंचे। उन्हें वहां कई अव्यवस्थाएं मिलीं। बेडों के बीच दूरी कम थी। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं थी।
उन्होंने सभी अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की बात कही। कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र नागर ने कहा कि दो दिन में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा।