मिरहची। विकासखंड मारहरा के गांव सराय जरेलिया के किसान 27 जून से धरना कर रहे हैं। सोमवार से 5 किसानों ने भूख हड़ताल शुरू की। इस दौरान धरने पर बैठे 2 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
किसानों का आरोप है कि तीन किसानों की फसल नष्ट कर 6 माह पूर्व कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर नींव लगा ली। अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी न्याय नहीं मिला। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उसके बाद भी बात न सुने जाने पर सोमवार से भूख हड़ताल शुरू की गई। नायब तहसीलदार सुशील कुमार सोमवार को आश्वासन देने पहुंचे और धरना समाप्त करने को कहा, लेकिन किसान जमीन वापस न होने तक आंदोलन की जिद पर अड़े रहे।
किसानों ने यह भी बताया कि रविवार रात एक गाड़ी से कुछ दबंग लोग आए और किसान यूनियन के बैनर को गिरा दिया। वहीं धरने में मौजूद राजेंद्र के पुत्र वंश और प्रदीप की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से प्रदीप को एक निजी चिकित्सक से दवा दिलाई गई। जबकि वंश को एंबुलेंस बुलाकर मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया। राजेश कुमार, पृथ्वी सिंह, किरण देवी, रिंकू, विमला देवी, गंगा सिंह, निर्दोष कुमार आदि किसान मौजूद रहे।