एटा। शहर के एक अस्पताल में एक प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक को नोटिस थमाया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गांव चुन्नीपुर निवासी विवेक कुमार ने बताया कि 25 जनवरी को पत्नी ज्योति (25) का शहर के पीपल अड्डा स्थित आरएन हॉस्पीटल प्रसव कराया। यहां प्रसव के बाद पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और रक्तचाप कम होने लगा। यह देखकर आरएन हॉस्पीटल के कर्मचारी व चिकित्सक ने शहर के राधा वल्लभ हॉस्पीटल में रेफर कर दिया। यहां कर्मचारियों ने उसे तीन घंटे तक भर्ती रखा। इसके साथ ही विवेक से 50 हजार रुपये भी जमा करा लिए गए।
तीन घंटे बाद ज्योति की तबियत ज्यादा खराब हो गई। इस पर अस्पताल के स्टाफ ने उसे कहीं दूसरी जगह ले जाने के लिए कहा। तभी ज्योति की मौत हो गई। शिकायत मिलने के बाद सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराने के आदेश किए। जांच के बाद राधा वल्लभ अस्पताल की लापरवाही सामने आई। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया है।
सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि राधा वल्लभ अस्पताल संचालक की लापरवाही सामने आई है। इस मामले में उसे नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।