सांड़ के हमले से घायल किसान का इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार करते चिकित्सक। संवाद
एटा। कासगंज जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में रविवार को खेत में काम कर रहे एक किसान पर आवारा सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ के सींग किसान की पीठ में घुस गए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सिढ़पुरा क्षेत्र के पिहरी गांव निवासी रामस्वरूप का 29 वर्षीय बेटा मोहित कुमार रविवार सुबह करीब 11 बजे खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक पीछे से आए सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। सांड़ ने सींगों से उसकी पीठ पर वार किया, जिससे गहरा घाव हो गया। हमले के बाद मोहित जमीन पर गिर पड़ा। खेत में आसपास काम करने वाले किसानों ने शोर मचाकर जैसे तैसे सांड़ को भगाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल मोहित को तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।