एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में सोमवार को एक मिठाई विक्रेता को पुराने विवाद में नामजद लोगों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाते समय भी आरोपियों ने पीछा किया। कोतवाली नगर के सामने तमंचा लहराया गया।
शहर के मोहल्ला वर्मा नगर निवासी विपिन ने बताया कि उसकी आगरा चुंगी के पास मिठाई की दुकान है। लगभग 6 माह पूर्व दुकान के सामने कुनाल निवासी नगला गलू थाना कोतवाली देहात की टक्कर दूसरी बाइक पर जा रहे एक छात्र से हो गई। विवाद होने लगा तो छात्र अपनी बाइक को लेकर हड़बड़ाहट में भागा। इस पर तो मेरे पिता संतोष ने आराम से चलने के लिए समझाया। यह देखकर कुनाल को लगा कि पिता उसका सहयोग कर रहे हैं और रंजिश मानने लगा।
सोमवार को वह अपने साथ 8-10 लड़कों को लेकर दुकान पर आया और गालीगलौज करने लगा। छोटा भाई अमित दुकान पर बैठा था। जब उसने विरोध किया तो लात-घूंसों से पीटा और धारदार हथियार व तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोग आए तो यह सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सूचना मिलते ही हम लोग दुकान पर पहुंचे और घायल अमित को लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस को भी सूचना दी। शाम को जब हम लोग घर पर लौट कर आए तो देर रात कुनाल घर पर आ गया। उसके साथ दो बाइकों पर 6-7 लड़के थे। घर के सामने आकर बाहर खड़े बड़े भाई रमाकांत पर तमंचे से सीधा फायर झोंक दिया। गोली उनके दोनों हाथों में लगी। उनको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
कुनाल वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गया। सूचना पर एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा और कोतवाली प्रभारी अरुण पंवार वहां पहुंचे तो उनको देखकर वहां से चला गया। जब कोतवाली में पहुंचे तो वहां भी बाहर गालियां देते हुए तमंचा लहराया और फायर करने का प्रयास किया।
दुर्घटना के पुराने मामले को लेकर विवाद होना व गोली मारना बताया जा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। विक्रांत द्विवेदी, सीओ सिटी
दीपक