चुनाव के लिए वाहनों के अधिग्रहण से गुरुवार को दिनभर सवारियां परेशान रहीं। रोडवेज और प्राइवेट वाहन अड्डों पर लोगों की भीड़ लगी रही।
गुुरुवार का दिन यात्रियों के लिए परेशानी भरा रहा। वाहनों की कमी के कारण यात्री भटकते दिखाई दिए। शहर के विभिन्न बस स्टैंड पर वाहन की किल्लत रही। वहीं जो वाहन आ भी रहे थे, उनमें भीड़ ही भीड़ दिखती थी। कानपुर, फर्रुखाबाद, शिकोहाबाद रोड पर जानेवाले सबसे ज्यादा परेशान दिखे। बता दें कि ऐसी ही समस्या अभी शुक्रवार, शनिवार को भी लोगों को भुगतनी होगी। क्योंकि स्थानीय डिपो की 87 बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी जा चुकी हैं।
मतदाता जागरूकता का है असर
अन्य शहरों से वोट डालने आ रहे लोग परेशान हैं। बस स्टैंड पर उन्हें वाहनों के लिए भटकना पड़ रहा है। मतदान के लिए दिल्ली से घर आ रहे अब्दुल, बल्ली, शिरोमणि आदि ने बताया कि बस, ट्रेन सबी वाहनों में भीड़ है। लोगों का मानना है कि जागरूकता अभियान का यह असर है कि लोगों ने वोट के महत्व को समझा और मतदान के लिए निकल पड़े हैं।