एटा/अलीगंज। जिले में बुखार और डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही अलीगंज क्षेत्र के हत्सारी गांव में बुखार से पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई। इससे गांव में दहशत फैल गई है। वहीं मेडिकल कॉलेज के संचारी रोग वार्ड में दो नए मरीज डेंगू पीड़ित मिले। एक मरीज की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
अलीगंज क्षेत्र के हत्सारी गांव में 40 वर्षीय ऊषा देवी पत्नी सुनील कुमार की रविवार को आगरा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके ससुर गंगासहाय ने बताया कि 18 अक्तूबर को बुखार आने पर ऊषा देवी की निजी क्लीनिक पर डेंगू की जांच कराई गई जिसमें पुष्टि हुई। इसके बाद परिजन उन्हें आगरा के निजी अस्पताल में उपचार कराने के लिए ले गए। रविवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में मातम छा गया।
गौरतलब है कि गांव में इससे पहले विजेंद्र कुमार की पुत्री शिवानी की भी बुखार से मौत हो चुकी है। लगातार दो मौतों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। गांव के लोगों का कहना है कि कुछ घरों में एक से अधिक लोग बीमार हैं। मरीजों की देखभाल और उपचार के लिए परिजन को भागदौड़ करनी पड़ रही है। लगातार बुखार आने की शिकायतों से लोग परेशान हैं और बीमारी के फैलने की आशंका जता रहे हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज में रविवार को दो नए मरीज डेंगू पीड़ित मिले। इसमें आकाश कुमार (30) निवासी धिरामई ने बताया कि दो दिन से बुखार आ रहा था।
गांव में ही उपचार कराया लेकिन बुखार में कोई आराम नहीं मिला। इसके बाद शनिवार को मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में दवा लेने के लिए पहुंचे। वहीं पुष्पेंद्र (35) निवासी हरीशसिंहपुर ने बताया किया उसे चार दिन से बुखार आ रहा था। रविवार को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में दवा लेने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए डेंगू वार्ड में भर्ती कर जांच कराई जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई।
वहीं डेंगू वार्ड में 20 अक्तूबर को भर्ती अनुराग (18) निवासी नरहेरा की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे चिकित्सकों ने आगरा के लिए रेफर कर दिया।