जलेसर में निकाली गई कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। संवाद
जलेसर। नगर के महावीरगंज के पसीने वाले हनुमानजी के दरबार में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को कलश यात्रा से हुआ। कलश यात्रा में शामिल सभी भक्त पीत वस्त्र में थे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। कलश यात्रा में मां काली के स्वरूप में कलाकारों ने हैरतअंगेज कारनामे प्रस्तुत कर सभी को अचरज में डाल दिया।
हनुमान मंदिर से दोपहर दो बजे शुरु हुई कलश यात्रा में भगवान श्रीगणेश, देवाधिदेव महादेव और संकटमोचन हनुमानजी की जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलश यात्रा मंडी जवाहरगंज, नाला बाजार, बड़ा बाजार और चिंताहरण मंदिर होते हुए वापस महावीरगंज हनुमान मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। महंत पवन तिवारी ने बताया महोत्सव में रविवार को रामचरितमानस पाठ, 30 मार्च को भजन संध्या, 31 मार्च को सुंदरकांड, एक अप्रैल को हनुमानजी का महाभिषेक, दो अप्रैल को मंदिर पर फूलबंगला सजया जाएगा। कलश यात्रा में पंकज तिवारी, विष्णु सराफ, दीपक बाबा, यतीश चंद्र गुप्ता, सुरेश चंद्र वार्ष्णेय, क्षितिज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।