निधौली कलां मार्ग स्थित हजारा नहर में दिल्ली नंबर की कार की छत दिखाई दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को पानी से बाहर निकलवाया, लेकिन नंबर प्लेट के अलावा कुछ भी नहीं मिला। पुलिस ने वारदात या हादसे के बाद कार नहर में फेंकने के शक में मौके पर एंबुलेंस भी बुला ली थी।
निधौकलां मार्ग पर मरथरा के पास हजारा पुल पर मछलियों का शिकार करने गए ग्रामीणों ने एक कार की छत पानी में डूबी देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस जेसीबी और एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। दो घंटे चली कवायद के बाद भी जब कार पानी से बाहर नहीं निकली तो यातायात विभाग की रिकवरी वैन बुलाई गई। वैन ने किसी प्रकार कार को नहर के पानी के बाहर निकला, लेकिन कार में कीचड़ और मछलियाें के अलावा कुछ नहीं मिला। कार दिल्ली के मयूर विहार निवासी नियोति जैन के नाम पंजीकृत है। जिस स्थान से कार बरामद हुई हैं वहीं पर चूड़ियां और बाल बरामद हुए हैं। पुलिस ने कार मालकिन की तलाश शुुरू कर दी है। अज्ञात कार हजारा नहर के पानी में मिलने से पुलिस वारदात या बड़े हादसे की आशंका जता रही थी। वही ग्रामीणों का दावा है कि नहर के पानी में कार चार दिन से पड़ी है, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी।