शिक्षक दिवस के अवसर पर सोमवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में जिले के शिक्षक मुनीश चंद्र को राष्ट्रपति डा. प्रणव मुखर्र्जी ने राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा। वहीं तीन शिक्षकों को लखनऊ में राज्य शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया।
निधौलीकलां विकास खंड के बड़ागांव प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक मुनीश चंद्र को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। इस मौके पर दंडविहीन शिक्षा प्रणाली के लिए मुनीश को सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलते ही मुनीश के परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। उधर, लखनऊ में जिले के तीन शिक्षकाें ने जिले का गौरव बढ़ाया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्राथमिक विद्यालय नगला लीलाधर के प्रधानाध्याक संतोष श्रीवास्तव को माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव और बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन ने सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट विद्यालय के तौर पर जिले के जलेसर विकासखंड के गांव गणेशपुर प्रथम के प्रधानाध्यापक धीरजपाल सिंह को सम्मानित किया। वहीं जिले में पहली बार माध्यमिक शिक्षा से गांधी स्मारक इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. दिनेश वशिष्ठ को भी राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया गया। डा. दिनेश वशिष्ठ ने शिक्षा के सुधार को लेकर कई काम किए हैं। उन्होंने बताया कि पुरस्कार पाकर उत्साह बढ़ गया है। पुरस्कार शिष्यों की काबिलियत से मिला है।