जलेसर में घुंघरू-घंटी निर्माताओं के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी टीम ने छापा मारा। जीएसटी संबंधित कागजात न होने पर टीम ने माल को जब्त कर लिया। इस वजह से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। उनके द्वारा इस कार्रवाई का विरोध भी किया गया।
एटा के जलेसर में जीएसटी टीम ने मंगलवार को घुंघरू-घंटी निर्माताओं के प्रतिष्ठानों पर छापामारी की। टीम को दो फर्मों पर लगभग 63 लाख रुपये का माल संदिग्ध मिला। जीएसटी संबंधित कागजात न होने पर टीम ने माल को जब्त कर लिया। उधर, व्यापारियों ने एकत्रित होकर छापेमारी का विरोध किया। व्यापारियों में पूरे दिन बेचैनी बनी रही।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त जीएसटी अभिषेक कुमार ने बताया कि नगर के बड़ा बाजार स्थित सिविक मेटल सहित दो फर्मों पर छापामारी की गई। जिसमें 63 लाख रुपये के घुंघरू घंटा आदि माल को बगैर जीएसटी कागजातों के पकड़ा गया। जीएसटी संबंधी कोई कागजात नहीं होने पर माल जब्त कर लिया गया है।
इसके साथ ही जुर्माना की कार्रवाई भी की जाएगी। छापामार टीम में अलीगढ़ एवं एटा जनपद के अधिकारी शामिल रहे। उधर टीम का विरोध करते हुए तमाम लोग एकत्रित हो गए। अधिकांश छोटे व्यवसायियों का आरोप था कि जीएसटी विभाग के अधिकारी सिर्फ छोटे-छोटे व्यवसायियों के विरुद्ध ही कार्रवाई करते हैं। बड़े व्यवसायियों के यहां छापेमारी के नाम पर सिर्फ लीपापोती कर दी जाती है।