एटा। निजी स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय स्कूलों में भी ग्रेडिंग प्रणाली लागू की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है। यह अगले शैक्षिक सत्र से लागू हो जाएगी। इसके तहत विद्यार्थियों को परीक्षा में अंकों के बजाय ग्रेड दिए जाएंगे।
अक्सर देखा जाता है कि लोग अंकों के आधार पर बच्चों की योग्यता तय करते हैं। ऐसे में परीक्षा में जिन बच्चों के अंक कम आते हैं। उनमें हीन भावना पैदा हो जाती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए निजी विद्यालयों में ग्रेडिंग प्रणाली लागू की गई थी। नई शिक्षा नीति के तहत निजी विद्यालयों की तर्ज पर परिषदीय विद्यालय में भी ग्रेडिंग प्रणाली अगले शैक्षिक सत्र से लागू की जाएगी। इसके तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के आंकलन का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा।
इसमें अंकों की जगह बच्चों को ग्रेड मिलेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया परीक्षा में कम अंक प्राप्त करने पर विद्यार्थियों में हीन भावना पनपने की बात को ध्यान में रखते हुए नई शिक्षा नीति में ग्रेडिंग प्रणाली का प्राविधान किया गया है।