उत्तर प्रदेश के एटा में बुधवार की रात एक झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने से झोपड़ी में रखा सामान जलकर राख हो गया। वहीं चार भैंस जिंदा जल गईं। घटना से किसान को लाखों का नुकसान हुआ है। आग देख आसपास के लोग भागकर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
घटना जलेसर थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव की है। यहां के रहने वाले देवासी सुजात की झोपड़ी में देर रात आग लग गई। आग लगने के बाद घरवाले चीख पड़े। शोर सुनकर आसपास लोग भागकर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आगर पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई जा सकी, तब तक झोपड़ी और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।
इसके अलावा आग से झुलसीं चार भैंस की मौत हो गई। ग्राम प्रधान अफराक अंसार अली ने बताया कि झोंपड़ी में आग लगने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शासन प्रशासन से मदद दिलाने की पहल की जाएगी। अलाव से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।