एटा। विद्युत निगम द्वारा रोस्टर के अनुसार शहर में 22 से 24 घंटे तक विद्युत आपूर्ति देने का दावा किया जा रहा है। लेकिन यहां पर पांच से सात घंटे विद्युत कटौती की जा रही है। लोग भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से परेशान हैं। मलावन कस्बा में सात घंटे विद्युत कटौती की जा रही है। जबकि रोस्टर में 22 घंटे आपूर्ति दी जा रही है।
बुधवार को विद्युत निगम के रोस्टर के मुताबिक मलावन कस्बे को 22 घंटे 40 मिनट विद्युत आपूर्ति दी गई। लेकिन कस्बा में सिर्फ 17 घंटे ही आपूर्ति मिली। लोगों का कहना है कि विद्युत निगम आंकड़ों की बाजीगरी कर शासन को गुमराह कर रहा है। लोगों का कहना है कि दिन में वोल्टेज बहुत कम आते हैं। इसकी वजह से विद्युत उपकरण सही से काम नहीं करते हैं। वहीं रात में चार से पांच घंटे विद्युत कटौती की जाती है।
कम वॉल्टेज की वजह से कूलर-पंखे सही से नहीं चल पाते हैं। भीषण गर्मी के बीच अव्यवस्था बनी हुई है। गर्मी से हालत खराब हो रही है।
अशोक कुमार शाक्य, मलावन
रात को चार से पांच घंटे विद्युत कटौती होती है। गर्मी और मच्छरों से जूझना पड़ता है। कटौती पर कोई रोक नहीं लग पा रही है।
अभिषेक मिश्रा, मलावन
मलावन कस्बा में विद्युत आपूर्ति रोस्टर के मुताबिक नहीं दी जा रही है, ऐसा मामला संज्ञान में नहीं है। संबंधित जेई व एसडीओ से जवाब तलब किया जाएगा।
राजकुमार, एसई, विद्युत निगम