एटा के थाना कोतवाली नगर के मोहल्ला पुरानी बस्ती में छत पर पिता के साथ बैठी बालिका बंदर को देखकर डर गई। बचने के लिए भागी तो छत की रेलिंग से चिपक कर गुजर रही बिजली के तार में छू गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। एक अन्य महिला भी करंट लगने से घायल हुई है।
पुरानी बस्ती निवासी रॉबिन ने बताया कि वह सोमवार की सुबह पांच वर्षीय पुत्री इंदू जैन के साथ छत पर बैठे हुए थे। तभी अचानक से बरसात आ गई। यह देखकर छत पर सूख रहे बिस्तर को उठाने चले गए। उसी समय एक बंदर छत की ओर आता दिखाई दिया जिसको देखकर बेटी इंदू डर गई और भागने लगी। जिससे उसका हाथ छत की रेलिंग से छू गया और वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। किसी तरह से उसको लेकर हम लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे, वहां उसका उपचार चल रहा है।
रॉबिन का आरोप है कि वार्ड के सभासद से कई बार शिकायत की मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। मेरी बेटी किसी तरह से बाल-बाल बच गई। बिजली विभाग भी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। इसके अलावा कोतवाली देहात के गांव असरौली में 70 वर्षीय प्रेमवती का घर पर काम करते समय पैर तार से छू गया। करंट लगने से घायल हो गईं, परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां उपचार चल रहा है।