जलेसर की गैस एजेंसी में ईकेवाईसी के लिए लगी लोगों की भीड़। संवाद
एटा/जलेसर। जलेसर में सिलिंडर की बुकिंग के दौरान एक गैस एजेंसी पर हंगामा हो गया। यहां उपभोक्ताओं ने तोड़फोड़ कर दी। ईकेवाईसी की बाध्यता पर भीड़ ने एजेंसी के कार्यालय के शीशे तोड़े। एजेंसी संचालक से भी अभद्रता की। एजेंसी संचालक ने एसडीएम को पत्र लिखकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। इधर सिलिंडर के लिए सुबह-सुबह एजेंसी पर भीड़ उमड़ रही है।
घटना जलेसर में रवि गैस एजेंसी के कार्यालय की है। यहां उपभोक्ताओं की कतार लगी हुई थी। ये वे लोग थे जिन्हें गोदाम से सिलिंडर नहीं मिला था। उनसे ई-केवाइसी कराने के लिए कहा गया। इसी बीच लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। एजेंसी संचालक विकेंद्र उपाध्याय के साथ भीड़ ने अभद्रता कर दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसी संचालक की पत्नी रिशु शर्मा ने जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह तथा एसडीएम भावना विमल को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की। एजेंसी संचालक विकेंद्र उपाध्याय ने बताया कि गोदाम पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। नियमों के अनुसार, उपभोक्ता का बीमा और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सिलिंडर दिया जा सकता है। भीड़ नियमों को समझने के बजाय हंगामा कर रही है। शनिवार को भी एजेंसी पर भीड़ रही। गैस एजेंसी के गोदाम और कार्यालय पर भीड़ लगी रही।
डिलीवरी में हो रही देरी
अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण गैस कंपनियों के सर्वर पर दबाव बढ़ गया है। मोबाइल एप और मिस्ड कॉल सेवा प्रभावित होने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। जहां पहले दो से तीन दिन में सिलेंडर मिल जाता था। अब बुकिंग के 4 से 10 दिन बाद डिलीवरी हो पा रही है। जलेसर में फिलहाल 2 से 3 दिन का वेटिंग पीरियड चल रहा है जबकि आसपास के कस्बों में हालात और भी खराब हैं।
गैस एजेंसी पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जलेसर थाना प्रभारी और सिओ जलेसर को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उपद्रव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - भावना विमल, एसडीएम जलेसर