सराफा कमेटी द्वारा रामदरबार मंदिर में आयोजित आठ दिवसीय गणेश महोत्सव का गुरुवार को समापन हो गया। मंदिर में हवन पूजन हुआ, वहीं मेन चौराहा पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता कराई गई। इसमें रामजी ग्रुप ने 11 हजार का इनाम जीता। बाद में गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई। काली नदी में गणेश जी की प्रतिमा को विसर्जित किया। इस मौके पर कस्बा के बाजार बंद रहे।
मेन चौराहा पर 21 फुट की ऊंचाई पर मटकी फोड़ रामजी ग्रुप विजेता रहा। जिसे फोडने के लिए पांच टीमों ने भाग लिया। गाजे-बाजे और झांकियों के साथ गणेश जी की विसर्जन यात्रा निकाली गई, जो पूरे कस्बा में घूमती हुई फर्रूखाबाद सीमा में संकिसा काली नदी पर पहुंची, जहां प्रतिमा विसर्जित की गई। इस दौरान श्रद्धालु एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाते हुए और गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तो जल्दी आ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कार्यक्रम के चलते व्यापारियों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखे। इस मौके पर विनोद कुमार गुप्ता, दीपेश स्वर्णकार, कृष्णकुमार, कमल, नीरज, पंकज, मनोज, सुरेशचंद्र, रामऔतार, मदनलाल गुप्ता, संदीप जैन आदि मौजूद थे।