एटा। बीएसए के स्थांनातरण के बाद फर्जी डिग्री धारकों पर धीमी हुई कार्रवाई फिर गति पकड़ने लगी है। बीएसए कार्यालय ने 106 फर्जी शिक्षकों को अंतिम नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। माह के अंत तक इन पर अंतिम कार्रवाई के संकेत हैं।
डॉ. बीआर आंबेडकर विवि में हुई एसआईटी जांच में चिह्नित जिले के 121 से अधिक फर्जी डिग्रीधारी शिक्षकों पर निर्णायक कार्रवाई की तैयारी है। विभिन्न विकास खंडों में सेवारत 106 फर्जी डिग्रीधारकों को अंतिम नोटिस जारी कर जबाव मांगा है। 12 अन्य फर्जी डिग्रीधारकों के भी नोटिस बन चुके हैं। बस नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आने का इंतजार है। सूत्रों के अनुसार मिर्जापुर डायट से आ रहे नए बीएसए डॉ संजय सिंह मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे।
अलीगंज में सर्वाधिक 23, जैथरा-अवागढ़ में नौ-नौ
फर्जी डिग्रीधारक शिक्षकों में सर्वाधिक 23 शिक्षक-शिक्षिकाएं अलीगंज ब्लाक में सेवारत हैं। वहीं सबसे कम नौ-नौ अवागढ़ एवं जैथरा ब्लाक में हैं। मारहरा में 17, शीतलपुर में 14, जलेसर में 13, सकीट में 11, निधौली कलां में 10 फर्जीडिग्री धारक हैं।
अब तक टलती रही कार्रवाई
दो वर्ष पूर्व मिली जांच आख्या के बाद शुरू हुई कार्रवाई किसी न किसी कारण से टलती रही है। नोटिस-जवाब के नाम पर महीनों टली कार्रवाई, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एक साल के लिए ठंडे बस्ते में चली गई। अगस्त में शुरू कार्रवाई की गति बीएसए के ट्रांसफर से धीमी हो गई।