थाने में न फरमाए आराम, क्षेत्र में जाकर करें काम: एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस कार्यालय में हुई अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने थानेदारों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के आदेश दिए है। साथ ही संगीन अपराधों में फरार चल रहे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर जेल भेजने को कहा है।
बैठक में एसएसपी अजय शंकर राय ने कहा कि थानेदार क्षेत्र में जाकर काम करे न कि थाने पर बैठकर आराम। छोटी सी छोटी घटनाओं में थानाध्यक्ष खुद मौके पर पहुंचे। किसी भी मामले में पुलिस लापरवाही न दिखाएं। शीघ्र मौके पर पहुंच मामले का निस्तारण करें। फरार चल रहे वांछितों को जेल के अंदर भेजे। बैंक लूट कांड, दंपति लूट कांड, मर्डर जैसे संगीन मामलों के जल्द खुलासे के निर्देश दिए है। बैठक में एएसपी विसर्जन सिंह यादव, एएसपी क्राइम अनूप कुमार ,सीओ सिटी निवेश कटियार ,सीओ सदर डीएस गर्ब्याल, सीओ अलीगंज आशाराम अहिरबार सहित कई थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
ऑपरेशन मुस्कान फिर मिलाएगा अपनों से
एटा। एसएसपी ने बताया कि आपरेशन मुस्कान एक बार फिर से शुरू किया गया है। एसएसपी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए है कि अपने-अपने होटल, ढाबे पर जाकर नाबालिगों को काम करने से रोकें। अगर नाबालिग काम करते मिलें तो बच्चों के परिवारीजनों से संपर्क कर सौंपें। आपरेशन को लेकर एसओ को सतर्कता बरतने के आदेश दिए है।