जलेसर (एटा)। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। करीब दो माह पूर्व जलेसर के हसनगढ़ गांव के युवक से फेसबुक पर युवती ने दोस्ती की। इसके बाद आनलाइन ट्रेडिंग का लालच देकर 12.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर डेस्क जलेसर की सक्रियता से पुलिस ने 4.45 लाख रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए हैं। जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव हसनगढ़ निवासी अनुज कुमार ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि फेसबुक पर शीतल खत्री नामक युवती से उसकी दोस्ती हुई। युवती ने बताया कि वह आनलाइन ट्रेंडिग से करती है और खूब पैसा कमाती है।
इस संबंध में बलवीर सर ट्रेडिंग कराते है। शीतल ने वाट्सअप के माध्यम से बलवीर सिंह से बातचीत कराई। बलवीर सिंह ने बाइनेंस एप के माध्यम से रुपये और डालर में ट्रेडिंग कर धन कमाने का लालच दिया।
31 दिसंबर 2025 से पांच जनवरी के बीच उक्त लोगों ने अलग-अलग खातों से 12.50 लाख अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जब अनुज ने पैसा वापस मांगा तो बलवीर सिंह ने 80 हजार रुपये और देने पर ही धन वापस करने की बात कही। शीतल ने मैसेज में कहा कि अगर पैसे नहीं डाले तो झूठा मुकदमा दर्ज करा देगी। अनुज की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।