जलेसर। क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर मढ़ी में शुक्रवार की सुबह बुग्गी से खेत पर जा रहे परिवार के चार सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक महिला सहित 3 बच्चे लहूलुहान हुए हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों को बुरी तरह पीटे जाने से पीड़ित परिवार ने गांव से पलायन करने की बात कही है।
सिकंदरपुर मढ़ी गांव में सुभाष चंद्र परिवार के साथ रहकर खेती करते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे वह बुग्गी से अपनी पत्नी प्रीति, भाई राकेश, बेटी गुड़िया, पुत्र अनिरुद्ध के साथ खेत पर जा रहे थे। रास्ते में गांव के कौशल, यशपाल सिंह, यदुवीर सिंह, नीरू उर्फ अरविंद, अभिषेक और रोहित ने उनकी बुग्गी को रोककर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके बच्चों को भी नहीं बख्शा, हमले में राकेश की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें हैं। लोहे के पाइप के हमले से अनिरुद्ध के चेहरे और सिर में अनेक गहरे जख्म हैं। शोर सुनकर गांव के लोगों के एकत्रित होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। प्रीति की तहरीर पर पुलिस ने परिवार के सभी पांच सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है। हमले की घटना से आहत पीड़ित परिवार गांव से पलायन की बात कर रहा है।
घर में घुसकर दंपती को पीटा
जलेसर। क्षेत्र के गांव मकसूदपुर में कुछ लोगों ने पुराने विवाद के चलते घर में घुसकर मुस्तकीम और उसकी पत्नी शबनूर को बेरहमी से पीटा है। थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में मुस्तकीम ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे गांव के फैजल, अतीकुर्रहमान और जर्हरहमान उसके घर में घुस आए और लाठी-डंडो से हमला कर दिया। हमले में शबनूर के हाथ की हड्डी टूट गई है। थाना प्रभारी संजय राघव ने कहा प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी को गांव में पुलिस टीम भेजी गई थी। हमलावरों के फरार होने पर उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। संवाद