अलीगंज ब्लॉक के गांव अकबरपुर कोट में महिला की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
अलीगंज। क्षेत्र के गांव अकबरपुर कोट में एक सप्ताह में छह मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम डेरा डाले हुए है। रविवार को गांव के 91 लोगों की जांच की गई जिसमें चार लोग मलेरिया पीड़ित मिले। इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को 91 लोगों का परीक्षण करते हुए 50 की मलेरिया और 19 की डेंगू जांच कराई। इसमें चार मरीज मलेरिया से ग्रसित मिले। गांव में एक सप्ताह में छह मरीजों की मौत के बाद से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। शनिवार से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डेरा डाले हुए है। टीम के सदस्य घर-घर जाकर लोगों का हाल लेते हुए जांच कर रहे हैं।
साथ ही बचाव के उपाय बता रहे हैं। चिकित्सक लोगों को मच्छरों से बचाव को मच्छरदानी के उपयोग की सलाह दे रहे हैं। शनिवार की तरह गांव में रविवार को भी दवा का छिड़काव कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को गांव के 170 मरीजों की जांच करते हुए 60 मरीजों के सैंपल डेंगू की जांच को भेजे थे।