एटा। खेत से फसल देखकर लौटते समय पूर्व प्रधान के पति पर मंगलवार को सांड़ ने हमला कर दिया। जब तक किसान कुछ समझ पाता सांड़ ने सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया जिससे उनकी मौत हो गई। घटना गांव नगला गूलर थाना पिलुआ की है।
गांव नगला गूलर निवासी विमल ने बताया कि भाई अनिल (39) प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी सुबह के समय खेत पर फसल देखने गए थे। वहां से लौटते समय सांड़ ने हमला कर दिया। वह बचने के लिए भागे तो खेत की मेड़ पर गिर पड़े। इतने में सांड़ वहां पहुंच गया। जब तक अनिल संभल पाते सांड़ ने सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया। यह देखकर आसपास काम कर रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सांड़ को भगाकर गंभीर रूप से घायल अनिल को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए।
यहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। जिला पंचायत सदस्य अनिल यादव भी पोस्टमार्टम हाउस आ गए। बताया कि मृतक के दो बच्चे हैं इनमें एक बेटी डॉली और बेटा सुमित है। इनकी मां और पत्नी ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।