सोमवार की सुबह पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सिंह चौहान के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग से फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित लाखों रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। घरवालों व मोहल्ले के लोगों ने एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।
रोडवेज तिराहा के पास पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सिंह चौहान उर्फ राजन सिंह का मकान है। यहां बाहरी हिस्से में बने कमरे में सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। धुआं उठते देख घरवालों में हड़कंप मच गया। भीड़ एकत्रित हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया।
आग से घर का फर्नीचर, एसी, एलसीडी टीवी सहित लाखों की कीमत का सामान राख हो गया। इस दौरान लोगों ने बिजली बंद कराई और आग बुझाने में जुट गए। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।