निधौली कलां में तेल का नमूना भरती खाद्य विभाग की टीम। स्रोत स्वयं
एटा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने शुक्रवार को निधौली बाजार में मिलावटखोरी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए जितेंद्र किराना स्टोर पर छापा मारा। टीम ने दुकान में रखे खाद्य पदार्थों, सरसों तेल की गुणवत्ता और स्टॉक की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य खाद्य अधिकारी कमलेश त्रिपाठी ने सरसों के तेल में अशुद्धता की आशंका पर नमूने लिए। स्टोर में मौजूद लगभग 180 लीटर सरसों का तेल सीज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही तेल के वास्तविक मानकों की पुष्टि हो सकेगी। विक्रेता जितेंद्र को सीज किए गए तेल की बिक्री न करने के निर्देश दिए गए। टीम ने दुकान के बिल, खरीद रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की।
अधिकारियों का कहना है कि होली के मद्देनजर बाजारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच तेज कर दी गई है। सरसों तेल की मिलावट के मामलों में वृद्धि को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।