खाद्य सुरक्षा विभाग होली पर्व में खाद्य सामग्रियों में मिलावटखोरी रोकने
के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। नगर और अमांपुर क्षेत्र में विभाग ने
पांच दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। विभाग ने दुकानों से सैंपल लेकर जांच
के लिए भेजे हैं।
डीएम के निर्देश पर विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है।
होली पर्व पर मिलावट खोरी न हो इसके लिए विभाग ने पूरे जनपद में छापामार
कार्रवाई करने का खाका तैयार किया हैं। विभाग दुकानों को चिह्नित कर रहा
हैं और उन दुकानों पर छापामार कर उनके सैंपल ले रहा है। मुख्य खाद्य
सुरक्षा अधिकारी डीके राय ने सर्कुलर रोड से मिष्ठान विक्रेता शकील तथा
सिद्द्धू के यहां से खोए के सैंपल लिए हैं। अशोकनगर से नरेश के यहां से
बर्फी के सैंपल लिए गए। अमांपुर क्षेत्र में दो दुकानों पर छापामार
कार्रवाई की गईं। इन दुकानों से बूंदी के लड्डू के सैंपल लिए गए। कार्रवाई
से मिष्ठान विक्रेताओं में हड़कंप बना रहा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने
बताया कि मिलावट करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई करेगा। उन्होंने
बताया कि सैंपलों को मेरठ लैब में भेज दिया है। इसके अतिरिक्त होली तक
छापामार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं मिलावट खोरी की
शिकायत हों तो उन्हें अवश्य दें। विभाग कार्रवाई करेगा।