एटा। गांव नगला दर्शन में लाइन डालते समय करंट लगने से एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद मृतक के परिजन ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। विद्युत विभाग ने लापरवाही को नकारते हुए शटडाउन न लेने से घटना होने की बात कही है। पुलिस घटना का कारण जानने के लिए जांच-पड़ताल कर रही है।
थाना अवागढ़ के नगला दर्शन में गांव के ही सोनू यादव के निजी नलकूप तक विद्युत लाइन डाली जा रही थी। आरोप है कि उसी समय ऊपर से गुजर रही दूसरी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर लाइन खींच रहे लोगों के ऊपर गिर पड़ा। इसकी वजह से 4 लोगों को करंट लग गया और वह बुरी तरह से झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने भीकमपाल उर्फ भारत को मृत घोषित कर दिया। अनुज, कन्हई और भूरे सिंह को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद अनुज को आगरा रेफर कर दिया।
शुक्रवार की दोपहर भीकमपाल का पोस्टमार्टम हुआ। घटना के बारे में अधीक्षण अभियंता सुभाष कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग की कोई लापरवाही नहीं हुई है। जो काम हो रहा है वह निजी फर्म की की ओर से कराया जा रहा है। इस दौरान विद्युत विभाग से शटडाउन भी नहीं लिया गया।
चलती लाइन पर तार जोड़ने के कारण हादसा हुआ है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। फिर भी पुलिस घटना की वजह जानने के लिए गहनता के साथ छानबीन कर रही है। जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।