एटा। शहर के मारहरा दरवाजा निवासी हामिद अली उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को रेलवे स्टेशन के गुड्स प्लेटफॉर्म पर डाल दिया। जीआरपी व स्थानीय पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है। एक पहलू नया सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले मृतक के घर के आसपास लगे हुए कैमरे बंद पाए गए।
नगरपालिका सभासद कफील अहमद के भाई हामिद की 8 नवंबर को दो गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की जांच के दौरान एक नया तथ्य सामने आया है। जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के घर के कैमरे घटना के एक दिन पहले से एक दिन बाद तक बंद पाए गए। कारण जानने का प्रयास पुलिस कर रही है और फिलहाल हर पहलू पर गहराई के साथ छानबीन की जा रही है।
जीआरपी के साथ ही पुलिस व कई अन्य स्पेशल एजेंसी मामले की जांच में लगी हुई हैं। घटना को लगभग 20 दिन बीत चुके हैं, मगर पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। हालांकि जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। कफील अहमद ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।