कई स्थानों पर हुए हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। कोतवाली देहात के गांव नगला समन निवासी सुनील (30) गुरुवार दोपहर बाइक से शहर आ रहा था। दोपहर करीब 12 बजे आगरा रोड स्थित हजारा नहर के पास सामने से आती मैक्स पिकअप की चपेट में आ गए, इससे उनकी मौत हो गई। एकत्रित लोगों ने चालक को पकड़ लिया।
जैथरा के मोहल्ला जगन्नाथपुरी निवासी पंकज गुप्ता (35) गुरुवार सुबह विक्की से घर से कपड़े बेचने निकले थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव पवास के पास मैक्स पिकअप की चपेट में आकर मौत हो गई।
मोहल्ला पीपल अड्डा कृष्णगंज निवासी जयगोपाल (55)अपने साथी रवि के साथ बुधवार शाम गांव खुटियाना पूजा करने गए थे। बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे गांव अंबारी के पास तेज गति से आ रही स्विफ्ट की चपेट में आकर मौके र ही दम तोड़ दिया। जबकि साथी घायल हो गया।
फीरोजाबाद के गांव नगला रंजीत निवासी हुंडीलाल (40)10 नवंबर को अपने साथी संतोष के साथ दिल्ली से एटा आया था। रात करीब 11 बजे दोनों अवागढ़ बस स्टैंड से रास्ता पार कर रहे थे। एटा की तरफ से तेज गति से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गए, हुण्डीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
कासगंज। कासगंज-सिकंद्राराऊ मार्ग पर बाजार से खरीदारी कर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नगला ताल निवासी राकेश(28)पानीपत में नौकरी करता है। बुधवार सुबह बाइक से नदरई बाजार में सामान की खरीदारी करने गया हुआ था। शेमफोड स्कूल के नजदीक बाइक की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार नवीन घायल हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। युवक के मौत की खबर जैसे ही उसके परिवारीजनों को लगी उनमें कोहराम मच गया। पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल नवीन कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।