मां का दुलारः मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में भर्ती अपने बीमार बच्चे को दुलारती मां। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
एटा। जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। उसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग उस पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। शनिवार को रसूलपुर गढ़ौली की युवती समेत पांच लोग डेंगू पीड़ित मिले। वहीं एक किशोर मलेरिया पीड़ित मिला। पीड़ितों को मेडिकल कॉलेज के संचारी रोग वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के संचारी रोग वार्ड में भर्ती मालती (19) निवासी रसूलपुर गढ़ौली ने बताया कि उसे दो दिन से बुखार आ रहा था। गांव में लगे स्वास्थ्य शिविर में मलेरिया व डेंगू की जांच कराई लेकिन रिपोर्ट में मलेरिया व डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। शनिवार को मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में चिकित्सकों ने मलेरिया व डेंगू की जांच कराई जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं जहूर अहमद (33) निवासी बरेली ने बताया कि वह एटा में कपड़े बेचने आए थे। लगातार बुखार आने के बाद शनिवार को मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मलेरिया व डेंगू की जांच कराई जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। सभी को संचारी रोग वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
वहीं बच्चा वार्ड में भर्ती नीतेश (10) निवासी सुन्ना के पिता प्रेमपाल ने बताया कि उसे सात दिन से बुखार आ रहा था। निजी क्लीनिक में इलाज के बाद भी आराम नहीं मिलने पर मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में चिकित्सकों को दिखाया। यहां चिकित्सकों ने मलेरिया व डेंगू की जांच की जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं आजिम अली (15) निवासी श्याम नगर के पिता इरफान अली ने बताया कि तीन दिन से बुखार आ रहा था। शुक्रवार को बाल रोग विभाग में दवा लेने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने डेंगू की जांच कराई जिसमें पुष्टि हुई। वहीं आरजू (5) निवासी रजकोट के परिजन ने बताया कि बुखार से आराम नहीं मिलने पर मेडिकल कॉलेज में दवा दिलाने के लिए पहुंचे। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं मंजू (13) निवासी अंगदपुर के पिता जयप्रकाश ने बताया कि बुखार आने पर बाल रोग विभाग में चिकित्सकों ने बच्चा वार्ड में भर्ती कर जांच कराई जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई।
मेडिकल कॉलेज के संचारी रोग वार्ड में दो नए मरीज डेंगू पीड़ित मिले हैं। वहीं बच्चा वार्ड में दो डेंगू और एक मलेरिया पीड़ित बच्चे मिले हैं जिन्हें बच्चा वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। - डॉ. सुरेश चंद्रा, सीएमएस