दीपोत्सव के अवकाश के बाद सोमवार को बैंक खुल गए। बैंकों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रधानी के चुनाव के चलते चालान जमा करने वालों की भीड़ रही।
सबसे अधिक भीड़ स्टेट बैंक शाखा पर देखी गई। इस बैंक शाखा पर प्रधान और सदस्य पद के प्रत्याशी भी अपना चालान जमा करने के लिए पहुंचे। बैंक शाखा पर भीड़ का आलम यह रहा कि सड़क पर भी लंबी कतार बैंक खुलने से पहले ही लग गईं। ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस की भी व्यवस्था करनी पड़ी।
नियमित ग्राहकों के अलावा प्रत्याशियों की भीड़ बढ़ जाने से आपाधापी रही। सोरों और सहावर क्षेत्र से चालान जमा करने आए सैकड़ों प्रत्याशी अपना चालान जमा करने को परेशान नजर आए। उन्हें चिंता थी कि यदि समय से चालान जमा नहीं हो सका तो वे अपना नामांकन जमा नहीं कर सकेंगे।
इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बढौदा, सेंट्रल बैक सहित अन्य बैंक शाखाओं में भी ग्राहकों की काफी भीड़ देखी गई। प्रत्याशी राजेंद्र ने बताया कि वह दो घंटे से लाइन में लगा है, लेकिन अभी तक उसका नंबर नहीं आया है। प्रत्याशी रोहित ने कहा कि बैंक को चालान जमा करने के लिए काउंटर बढ़ाने चाहिए, ताकि दिक्कत न हो।