एटा। दिवाली पर पटाखे चलाते हुए पांच बच्चे झुलस गए। परिजन ने बच्चों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चार बच्चों को बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
लखौरा निवासी राजेश ने बताया कि उनके बेटे अंकुल ने बुधवार दोपहर को जले हुए पटाखों की बारूद को इकट्ठा किया और उसमें आग लगा दी। इससे विस्फोट हो गया और अंकुल उसकी चपेट में आने से झुलस गया। इसके अलावा अंबरपुर निवासी अभिषेक, विकास नगर निवासी सत्यजीत, रामपुर घनश्याम निवासी अरुण भी पटाखे जलाते समय झुलस गए। सभी को मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मीलगढ़ी निधौली कलां निवासी ऋतिक भी बृहस्पतिवार को पटाखा जलाते वक्त झुलस गया। सुबह करीब 11:30 बजे उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद ऋतिक को घर भेज दिया गया। सीएमएस डॉ. एस चंद्रा ने बताया कि बच्चों को आतिशबाजी चलाते समय बड़ों की उपस्थिति और निगरानी आवश्यक है। ताकि बच्चे अज्ञानता में किसी हादसे का शिकार न हो। संवाद