जलेसर। श्रम प्रवर्तन और सामाजिक संस्था ईकैट की टीम बृहस्पतिवार को नगर के बाजार में पहुंची। टीम के पहुंचते ही बाजार में खलबली मच गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है।
बृहस्पतिवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजबाबू ने दुकानों और गोदाम पर पहुंचकर श्रमिकों की जानकारी ली। कार्रवाई में पांच स्थानों पर बच्चे काम करते हुए मिले।
इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए बच्चों को काम करने से मुक्त कराया। साथ ही बच्चों और उनके परिजन को पढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा बच्चों को पढ़ने और खेलने की उम्र में काम न कराया जाए। चाहे जो मजबूरी हो बच्चों से काम न कराएं।
संस्था ईकैट के चेयरमैन वीके सिंह एडवोकेट ने कहा बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता अभियान और कार्रवाई जारी रहेगी। बाल श्रम एक कानूनी अपराध है, इससे जिले को मुक्त बनाने के लिए संस्था प्रतिबद्ध है।
कार्रवाई के समय श्रम प्रवर्तन विभाग के बबलू सिंह, एएचटीयू थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह, ईकैट संस्था के अंबरीश राय, रणवीर सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन के रामवीर सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।