एटा में शाका और बाबा गिरोह के 17 लोगों के खिलाफ पुलिस ने थाना जलेसर में रिपोर्ट दर्ज की है। इन दोनों क्षेत्रीय गिरोह के बीच शुक्रवार को एमजीएम इंटर कॉलेज के सामने मैदान में लगभग 30 मिनट तक जमकर फायरिंग हुई थी। पुलिस के पहुंचने पर दोनों गिरोह के लोग बाइक और अन्य सामान छोड़कर भाग गए थे।
थाना प्रभारी डॉ. सुधीर राघव ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि एमजीएम इंटर कॉलेज के सामने मैदान में 35 से 40 युवक एक-दूसरे पर गोलियां बरसा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर रोकने के लिए हूटर व लाउड स्पीकर के माध्यम से रोकने का प्रयास किया मगर नहीं माने। इसके बाद थाने से अन्य पुलिस बल को भेजा गया।
पुलिस से खुद को घिरता देख युवक फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो भगदड़ में 4 बाइक और 5 खोखा कारतूस पड़े मिले। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने पर पता चला कि यह लोग शाका और बाबा गिरोह से संबंधित हैं। 17 लोगों के नाम पता लगे हैं, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इनके खिलाफ रिपोर्ट
दीपू उर्फ दीपक यादव, राजीव उर्फ भिखारी, अजीत, लक्ष्मी उर्फ एलके, ठाकुर उर्फ प्रशांत ठाकुर, विकास ठाकुर, आदित्य ठाकुर, कुनाल, अंकुश, पुष्पेंद्र यादव, विवेक, श्याम, अमन, विशाल, आदित्य यादव उर्फ भोला, सचिन और राज यादव के खिलाफ गिरोह बनाकर फायरिंग करने और आम जनता में भय पैदा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ये लोग नगला गंगा, नगला श्रीकृष्ण, महावीरगंज, फरीदपुर आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं। दोनों गिरोह क्षेत्रीय ही हैं।