एटा वर्कशॉप में खड़ी रोडवेज की बस से उठती आग की लपटें। संवाद
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के आगरा रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप में शनिवार देर रात खड़ी एक बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
वर्कशॉप परिसर में मौजूद यह बस शनिवार रात करीब 10:15 बजे अचानक धू-धू कर जलने लगी। आग की तेज लपटें उठती देख वहां मौजूद कर्मियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोका। वर्कशॉप में पास ही कई अन्य बसें भी खड़ी थीं जिन्हें समय रहते सुरक्षित कर लिया गया। बस एटा डिपो की बताई जा रही है। आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। थाना कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस में लगी आग पूरी तरह बुझा दी गई है। आग किस वजह से लगी इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।