नकल विहीन बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस का भी सहयोग रहेगा। नकल करते या कराते मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। वहीं नियुक्त किए गए सचल दल व सेक्टर मजिस्ट्रेट संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर नजर रखेंगे। सोमवार को शहर के क्रिश्चियन इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापकों व सचल दल प्रभारियों की हुई बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी व सीडीओ साहब सिंह ने सभी को निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि 19 फरवरी से होने वाली माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं प्रत्येक दशा में शांतिपूर्ण एवं नकलमुक्त संपन्न करानी है। किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल नहीं होनी चाहिए, सब आपकी जिम्मेदारी है। आप गुरु हैं, विश्व में गुरु का सबसे महत्वपूर्ण गौरवमयी स्थान है। अत: पूर्ण निष्पक्ष होकर गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों के निकट के संबंधी को परीक्षा ड्यूटी पर कतई न लगाया जाए तथा जिस विषय की परीक्षा हो उस विषय के शिक्षक को कक्ष निरीक्षक न बनाया जाए। परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी पर कार्यरत व्यक्ति के अलावा अन्य कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से परीक्षार्थी के फोटो लगे प्रवेश पत्र से गंभीरता से मिलान किया जाना चाहिए। परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी परीक्षार्थी बुक नोटबुक, सॉल्व पेपर, अन्य कागज, केलकुलेटर, डिजीटल कैमरा, मोबाइल के साथ ही कोई भी नकल सामग्री लेकर नहीं जाएगा। उन्होंने सभी केंद्रों पर फर्नीचर आदि की व्यवस्था पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि नकल करने व कराने वालों के विरुद्ध सख्ती बरती जाए और एफआईआर दर्ज हो।
एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्रा एवं अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम आरपी गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस की समुचित व्यवस्था रहेगी, साथ ही उड़नदस्ते, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पुलिस बल के साथ अन्य परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगे। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि, बीएसए एसएस यादव, उपजिलाधिकारी सदर अजीत कुमार सिंह, जलेसर एसडीएम रवीप्रकाश श्रीवास्तव, केंद्र व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य, शिक्षक आदि उपस्थित थे।