एटा। कोतवाली नगर में एक व्यक्ति ने मां-बेटी पर एक ही जमीन को दो बार बैनामा करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर मां-बेटी के विरुद्घ धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला शांती नगर निवासी रमाकांत तिवारी का आरोप है कि मोहल्ला पटियाली गेट निवासी नीरज कुमारी पत्नी वीरेंद्र सिंह और इनकी बेटी दामिनी उर्फ खुशबू ने मेरे नाम जमीन का बैनामा किया था। इसके बाद षड्यंत्र रचकर उसी जमीन का बैनामा अन्य लोगों के नाम किया गया। इनका आरोप है कि वर्ष 2014 में कासगंज रोड स्थित गांव असरौली में जमीन का बैनामा कराया था। इस जमीन की बाउंड्री कराने 20 दिन पहले पहुंचे तो संजय सिंह निवासी शीतलपुर, उमेश चंद्र निवासी बिचपुरी थाना निधौली कलां, प्रत्येंद्रपाल सिंह निवासी नगला गुलाबी अरथरा थाना पिलुआ, शिवेंद्र यादव निवासी लालगढ़ी आ गए और उसे अपनी जमीन होने का दावा करते हुए काम रुकवा दिया। इसके बाद तहसील जाकर पता किया तो मालूम हुआ कि महिला नीरज कुमार और इनकी बेटी खुशबू से कूटरचना करके जमीन का बैनामा तीन मार्च 2015 को संजय सिंह आदि के नाम कर दिया था। महिला से बात की गई तो महिला ने जान से मरवाने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर कोतवाली नगर में तहरीर देकर मां-बेटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।